Blog

मानव सेवा को समर्पित रहा महेंद्र प्रताप सिंह बुंदेला का जन्मदिवस, रक्तदान शिविर में जुटीं युवा शक्ति

  • 9 यूनिट रक्त संग्रहित, दो यूनिट दुर्लभ ओ-नेगेटिव ब्लड मिला; अंगदान-देहदान, नशामुक्ति और वृक्षारोपण का भी दिया संदेश

ललितपुर। शान्ति देहदान चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं लायन्स क्लब (बुन्देलखण्ड) क्षेत्र के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह बुंदेला का जन्मदिवस रविवार को मानव सेवा और जनकल्याण को समर्पित विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। नेहरू नगर में आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, अंगदान-देहदान जनजागरूकता अभियान, नशामुक्ति अभियान तथा वृक्षारोपण का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। शान्ति देहदान चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान एवं लायन्स क्लब बुन्देलखण्ड के सहयोग से आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में कुल 9 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धि दुर्लभ ओ-नेगेटिव रक्त समूह की दो यूनिट का संग्रह रहा, जो गंभीर एवं आपातकालीन मरीजों के उपचार में अत्यंत उपयोगी माना जाता है। शिविर में महिला सहभागिता भी प्रेरणादायी रही। कु. योगिता विश्वकर्मा ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज, विशेषकर युवाओं और महिलाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उपस्थित लोगों ने उनके इस सामाजिक योगदान की सराहना की। ट्रस्ट संस्थापक खुशाल चन्द्र साहू ने कहा कि “स्वैच्छिक रक्तदान जीवन बचाता है, जबकि अंगदान और देहदान मानवता की ऐसी अमूल्य विरासत हैं जो मृत्यु के बाद भी समाज की सेवा करती हैं।” कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। वहीं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में वृक्षारोपण कर हरित एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प भी दोहराया गया। उपस्थित नागरिकों को नियमित रक्तदान, अंगदान, देहदान तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। रक्त संग्रहण का कार्य जिला रक्त केंद्र, ललितपुर की टीम ने किया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विमल कुमार, लैब टेक्नीशियन सूरज कुमार एवं अजय प्रताप, लैब सहायक मनोज सोनी, वार्ड बॉय जितेन्द्र कुमार तथा सहयोगी भवानी सिंह एवं राजू ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रक्तदान करने वालों में कु. योगिता विश्वकर्मा, सौरभ, अयान शाह, निर्मल साहू, सुधीर मिश्रा, आर्यन परिहार, आदर्श साध, विशाल यादव एवं सौरभ पटेल शामिल रहे। कार्यक्रम में शान्ति देहदान चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से कोषाध्यक्ष सुषमा साध, उपाध्यक्ष अनिल साहू, परवेज पठान, इं. भागीरथ बरुआ, निर्मल साहू, राजकुमार खजुरिया एवं लक्ष्मीनारायण विश्वकर्मा तथा लायन्स क्लब बुन्देलखण्ड की ओर से उमाशंकर चौबे, अनिल जैन सहित अनेक सदस्यों ने सहभागिता कर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। समापन अवसर पर महेंद्र प्रताप सिंह बुंदेला ने कहा कि जन्मदिवस जैसे व्यक्तिगत अवसरों को समाज सेवा के माध्यम से मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक लोगों से नियमित स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।

युवा ने लिया अंगदान और देहदान का संकल्प
नेहरू नगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान युवा सौरभ पटेल ने शान्ति देहदान चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से मेडिकल छात्रों के पठन-पाठन हेतु देहदान का संकल्प तथा राष्ट्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन, भारत सरकार के माध्यम से ऑनलाइन अंगदान संकल्प लिया। इस अवसर पर उन्हें अंगदान प्रतिज्ञा प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से अंगदान एवं देहदान का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts