छत्तीसगढ़रायपुर

सड़क पर धू-धूकर जली होंडा शाइन, देखते ही देखते आग की चपेट में आई बाइक

रायपुर। रायपुर के भाठागांव इलाके में सोमवार को चलती बाइक पर अचानक आग लग गई। युवक होंडा शाइन बाइक से भाठागांव से तेलीबांधा की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही सेकेंड में आग की लपटों ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। खतरा भांपते ही युवक ने बाइक रोककर तुरंत छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई।
घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक धू-धूकर जलने लगी, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल गई। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क किनारे बाइक आग की लपटों में घिरी नजर आ रही है। राहगीरों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक सुरक्षित है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वाहन से धुआं, जलने की गंध या किसी तरह की तकनीकी खराबी महसूस होने पर तुरंत वाहन रोककर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और संबंधित विभाग को सूचना दें।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts