रायपुर। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में भारतीय सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक ऑपरेशन सिंदूर को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत में एकजुटता देखने को मिली है। मुख्यमंत्री से लेकर विपक्ष तक, सभी नेताओं ने सेना की इस कार्रवाई को सराहा है और जवानों को सलाम किया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बयान जारी करते हुए कहा, भारतीय सेना ने आतंक के अड्डों को खत्म कर सशक्त और निर्णायक नेतृत्व का परिचय दिया है। ऑपरेशन सिंदूर ने पूरे देश को गर्व और सुकून दिया है। यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है।
हर हर महादेव
वंदे मातरम् 🇮🇳#OperationSindoor pic.twitter.com/0ywYNhTqFc
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) May 6, 2025
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा, जांबाज़ जवानों ने दुश्मनों के मंसूबों को नेस्तनाबूद कर दिया। यह हमारे राष्ट्रीय संकल्प और सैन्य शक्ति का प्रतीक है। ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को दिखा दिया कि भारत अपने नागरिकों और सीमाओं की रक्षा करना जानता है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने इस ऑपरेशन को जरूरी कदम बताया। उन्होंने कहा, आतंकवाद को जवाब देना समय की मांग थी। सेना ने पीओके में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर साहस और रणनीतिक क्षमता का परिचय दिया है। पूरा देश जवानों के साथ है।
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने भी सेना की कार्रवाई को सही ठहराते हुए कहा, पाकिस्तान की जमीन से चल रहे आतंक को खत्म करना जरूरी था। भारतीय सेना ने यह कर दिखाया है। देश की सुरक्षा के लिए सेना का हर कदम हमारा गर्व है। छत्तीसगढ़ की राजनीतिक फिजा में फिलहाल एक ही स्वर है, भारतीय सेना की जय हो! नेताओं के इन बयानों से साफ है कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पूरा प्रदेश एकजुट है।