- दुर्ग नगर निगम में नई परिषद का पंचवर्षीय कार्यकाल प्रारंभ
- गृहमंत्री शर्मा के मुख्य बघेल की अध्यक्षता में हुआ समारोह
दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग परिसर में शनिवार को नवनिर्वाचित महापौर एवं पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न हुआ। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री तथा दुर्ग जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा के मुख्य आतिथ्य व सांसद विजय बघेल के अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर त्रवा प्रकाश चौधरी ने महापौर अल्का बाघमार को सत्य निष्ठा की शपथ दिलाई। महापौर के शपथ ग्रहण के बाद कलेक्टर ने निगम के नवनिर्वाचित 60 पार्षदों को वार्ड क्रम अनुसार 10-10 के समूह में शपथ दिलाई।
बता दें छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव 11 फरवरी को संपन्न हुए। 15 फरवरी को नतीजे घोषित किए गए। प्रदेश के सभी 10 नगर निगमों में भाजपा ने कब्जा किया। दुर्ग निगम में भी भाजपा को बंपर जीत मिली है। यहां भाजपा की महापौर प्रत्याशी अल्का बाघमार ने 67,295 बोटों से जीत दर्ज की है। भाजपा प्रत्याशी के रूप में अल्का बाघमार को 107642 वोट मिले, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमलता पोषण साहू को 40347 वोट मिले। जबकि नगर निगम दुर्ग के 60 में से 43 वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।
कांग्रेस को 11 वार्डों में जीत मिली और 6 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। महापौर के साथ ही सभी जीते हुए पार्षदों का शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ।
नगर निगम दुर्ग के शपथ ग्रहण समारोह में दुर्ग भिलाई के जनप्रतिनिधियों के साथ शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूर्व सांसद सरोज पाण्डेय, विधायक अहिवारा डोमन लाल कोर्सेबाड़ा, विधायक दुर्ग ग्रामीण ललित चन्द्राकर, विधायक दुर्ग शहर गजेंद्र यादव, विधायक वैशाली नगर रिकेश सेन, पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, आईजी रामगोपाल गर्ग, एसपी जितेंद्र शुक्ला, एडीएम अरविंद एका, नगर निगम के आयुक्त सुमित अग्रवाल, एसडीएम हरवंश सिंह मिरी, निगम के कार्यपालन अभियंता मोहनपुरी गोस्वामी, दिनेश नेताम, आरके जैन, सहायक अभियंता वीपी मिश्रा, गिरीश दीवान, राजेन्द्र ढाबाले, संजय ठाकुर, रेवा राम मनु, धर्मेंद्र मिश्रा, एसके केलवानी सहित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।