रायपुर। नगर पालिक निगम मुख्यालय के सामने स्थित उद्यान चौपाटी के दुकानदारों को बड़ी राहत मिली है। नगर निगम द्वारा सील की गई सभी दुकानों को सोमवार को दोबारा खोल दिया गया। दुकानदारों ने इस राहत के लिए नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को नगर निगम ने चौपाटी की कई दुकानों को सील कर दिया था। इससे वहां व्यवसाय करने वाले सैकड़ों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया था। अपनी समस्या लेकर दुकानदार नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी से उनके कार्यालय पहुंचे और सहायता की मांग की।
दुकानदारों की समस्या सुनने के बाद आकाश तिवारी ने तत्काल नगर निगम आयुक्त से मुलाकात कर मामले पर चर्चा की। उन्होंने दुकानदारों को मानवीय आधार पर राहत देने और उनकी दुकानें दोबारा खुलवाने का अनुरोध किया।
2 लाख रुपये जमा कराने के बाद मिली राहत
नेता प्रतिपक्ष के अनुरोध पर नगर निगम आयुक्त ने सकारात्मक निर्णय लेते हुए दुकानदारों को राहत प्रदान की। निगम के निर्देशानुसार 2 लाख रुपये की राशि निगम कोष में जमा कराने के बाद सभी सील दुकानों को खोल दिया गया।
आकाश तिवारी बोले- छोटे व्यापारियों की आजीविका बचाना जरूरी
नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि छोटे दुकानदार शहर की पहचान और रौनक हैं। महंगाई के दौर में यदि उनकी दुकानें बंद हो जाएं तो उनके परिवारों का पालन-पोषण प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करते हुए दुकानदारों को व्यवसाय करने का अवसर मिलना चाहिए।
दुकानदारों ने जताया आभार
दुकानें खुलने के बाद चौपाटी के दुकानदार आकाश तिवारी के कार्यालय पहुंचे और उनका अभिनंदन कर धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि कठिन समय में मिली इस सहायता के लिए वे उनके प्रति आभारी हैं।
इस दौरान आकाश तिवारी ने सभी दुकानदारों से साफ-सफाई बनाए रखने और नगर निगम के नियमों का पालन करने की अपील की, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
मौजूद प्रमुख दुकानदार एवं प्रतिष्ठान
इस अवसर पर सुमित कुमार, जितेंद्र साहू, नरेंद्र देवांगन, दीपक पिंजनी, विक्रम सावरकर, कुलदीप नायक, सिद्धांत और अमित साहू सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।
चौपाटी के जिन प्रतिष्ठानों को राहत मिली, उनमें कैफे हैदराबादी, तंदूरी मोमोज, स्पाइसी पल, पावनी हॉट चाइनीज, हैप्पी हॉर्स, ब्रेकिंग ब्रेड, अमृत तुल्य, केडीएस किचन, फूड एट 51 और एट एवरीथिंग 50 शामिल हैं।




