नई दिल्ली (विश्व परिवार)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शुक्रवार को केरल के तिरुवनंतपुरम में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया तथा ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। पीएम मोदी ने इस अवसर पर आयोजित समारोह में कहा कि केरल के विकास के लिए केंद्र सरकार के प्रयासों को आज नई गति मिली है।
नागरिकों के लिए रेल यात्रा को मॉडर्न बनाने और इंटर-स्टेट और रीजनल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़े कदम के तौर पर, पीएम मोदी ने अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के हरी झंडी दिखाए जाने से केरल में रेल संपर्क मजबूत हुआ है जिससे यात्रा की सुगमता बढ़ेगी और पर्यटन क्षेत्र को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि गुरूवयूर और त्रिशूर के बीच नई यात्री ट्रेन से तीर्थयात्रियों के लिए यात्रा आसान होगी।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि इन सभी परियोजनाओं से केरल के विकास में तेजी आएगी। प्रधानमंत्री ने अंत में कहा कि विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए एक विकसित केरल अनिवार्य है।
पीएम मोदी शुक्रवार को जिन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई, उनमें नागरकोइल-मंगलुरु अमृत भारत एक्सप्रेस, तिरुवनंतपुरम-तंबरम अमृत भारत एक्सप्रेस, तिरुवनंतपुरम-चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस और त्रिशूर और गुरुवायूर के बीच चलने वाली एक नई यात्री ट्रेन शामिल हैं। ये चारों ट्रेनें सदर्न रेलवे द्वारा चलाई और मेंटेन की जाएंगी।
इन सेवाओं के शुरू होने से केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बीच लंबी दूरी और क्षेत्रीय संपर्क में उल्लेखनीय सुधार होगा, जिससे यात्रियों के लिए यात्रा अधिक किफायती, सुरक्षित और समयबद्ध हो जाएगी। बेहतर संपर्क से पूरे क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, शिक्षा, रोजगार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मजबूत प्रोत्साहन मिलेगा।
पीएम मोदी ने तिरुवनंतपुरम से तीन नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई
- Comments
- Facebook Comments
- Disqus Comments




