विदेश

सेहत पर उठे सवालों पर ट्रंप की सफाई, बोले– नीले निशान बीमारी नहीं दवा का असर

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सेहत को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। हाल ही में सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान उनके हाथों पर दिखे नीले निशानों (ब्रूज) के बाद सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में तरह-तरह के सवाल उठने लगे। अब इन अटकलों पर खुद ट्रंप ने प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं।

79 वर्षीय ट्रंप ने स्पष्ट किया कि उनके हाथों पर पड़े नीले निशान किसी गिरने या गंभीर स्वास्थ्य समस्या का नतीजा नहीं हैं। उन्होंने बताया कि वह रोज़ाना खून को पतला रखने के लिए एस्पिरिन लेते हैं, जिसकी वजह से हल्की चोट लगने पर भी ब्रूज जल्दी पड़ जाते हैं।

सेहत पर चर्चा से नाराज़ दिखे ट्रंप

द वॉल स्ट्रीट जर्नल को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि उनकी सेहत को लेकर बार-बार सवाल उठाना बेवजह है। उन्होंने दोहराया कि वह राष्ट्रपति के तौर पर अपनी सभी जिम्मेदारियां निभाने के लिए पूरी तरह फिट हैं। हाल के दिनों में उनके टखनों में सूजन और हाथों पर मेकअप से ढके निशानों को लेकर भी रिपोर्ट्स आई थीं, जिन्हें उन्होंने बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाना बताया।

ब्रूज पड़ने की बताई एक और वजह

ट्रंप ने यह भी बताया कि एक मौके पर उनकी अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी की अंगूठी हाई-फाइव के दौरान उनके हाथ पर लग गई थी, जिससे निशान पड़ गया। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में वह कभी-कभी पट्टी या मेकअप का सहारा ले लेते हैं।

सोने के दावों को किया खारिज

कुछ मौकों पर बैठकों के दौरान ट्रंप के ऊंघते हुए दिखने के दावों को भी उन्होंने सिरे से नकार दिया। ट्रंप का कहना है कि वह ज्यादा सोने वाले व्यक्ति नहीं हैं। उन्होंने कहा, “मैं बस आंखें बंद कर लेता हूं, यह मेरे लिए आराम का पल होता है। कई बार लोग उसी समय तस्वीर खींच लेते हैं।”

मेडिकल टेस्ट और सुनने की क्षमता पर सफाई

एमआरआई कराने की अटकलों पर ट्रंप ने कहा कि उन्होंने सीटी स्कैन कराया था, जो एक सामान्य और तेज़ जांच प्रक्रिया है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी इनकार किया कि उन्हें सुनने में किसी तरह की परेशानी है।

गौरतलब है कि ट्रंप को लेकर उठ रही ये चिंताएं उस समय सामने आई हैं, जब वह पहले पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन पर “स्लीपी” होने का तंज कसते रहे हैं। अब अपनी सेहत पर सवालों के बीच ट्रंप का कहना है कि वह पूरी तरह स्वस्थ और सक्रिय हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts