देश

आज से ट्रेन यात्रा महंगी: लंबी दूरी के यात्रियों पर असर, जानिए नया किराया स्ट्रक्चर

नई दिल्ली: आज से ट्रेन से सफर करना थोड़ा महंगा हो गया है। भारतीय रेलवे ने यात्री किराए में सीमित बढ़ोतरी लागू कर दी है, जिसका असर मुख्य रूप से लंबी दूरी की यात्राओं पर पड़ेगा। हालांकि लोकल ट्रेन, छोटी दूरी और मासिक सीजन टिकट (MST) के यात्रियों को राहत दी गई है—इन पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा।

रेलवे के अनुसार साधारण श्रेणी में 215 किलोमीटर तक की यात्रा पर किराया जस का तस रहेगा। 216 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने पर साधारण श्रेणी में प्रति किलोमीटर 1 पैसा बढ़ेगा। वहीं मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में नॉन-एसी और सभी एसी क्लास के लिए प्रति किलोमीटर 2 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। इसका मतलब है कि नॉन-एसी मेल/एक्सप्रेस से 500 किलोमीटर की यात्रा पर यात्रियों को करीब 10 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे।

क्यों बढ़ाया गया किराया?

रेल मंत्रालय का कहना है कि पिछले दस वर्षों में रेल नेटवर्क, सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था का बड़े पैमाने पर विस्तार हुआ है। कर्मचारियों और पेंशन पर होने वाला खर्च भी काफी बढ़ा है—कर्मचारी खर्च 1.15 लाख करोड़ रुपये और पेंशन व्यय करीब 60,000 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। 2024-25 में कुल परिचालन लागत 2.63 लाख करोड़ रुपये रही। इन्हीं बढ़ते खर्चों को संतुलित करने के लिए किराए में मामूली समायोजन किया गया है। इससे चालू वित्त वर्ष में लगभग 600 करोड़ रुपये अतिरिक्त राजस्व मिलने की उम्मीद है।

सेकंड क्लास ऑर्डिनरी: कितना बढ़ेगा किराया?

215 किमी तक: कोई बढ़ोतरी नहीं
216–750 किमी: 5 रुपये
751–1,250 किमी: 10 रुपये
1,251–1,750 किमी: 15 रुपये
1,751–2,250 किमी: 20 रुपये

मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में बदलाव

स्लीपर क्लास ऑर्डिनरी और फर्स्ट क्लास ऑर्डिनरी (गैर-सबअर्बन): प्रति किमी 1 पैसा
मेल/एक्सप्रेस की सभी नॉन-एसी और एसी श्रेणियां (स्लीपर, फर्स्ट क्लास, एसी चेयर कार, एसी 3-टियर, एसी 2-टियर, एसी फर्स्ट): प्रति किमी 2 पैसे

किन ट्रेनों पर लागू होंगी नई दरें?

नई दरें राजधानी, शताब्दी, दुरंतो, वंदे भारत, तेजस, हमसफर, अमृत भारत, गरीब रथ, जन शताब्दी, गतिमान, अंत्योदय, महामना, युवा एक्सप्रेस, नमो भारत रैपिड रेल और अन्य गैर-सबअर्बन सेवाओं पर लागू होंगी। एसी MEMU और DEMU सेवाओं को इससे बाहर रखा गया है।

टिकट बुकिंग को लेकर अहम बात

नई किराया दरें 26 दिसंबर 2025 या उसके बाद बुक किए गए टिकटों पर ही लागू होंगी। इससे पहले बुक किए गए टिकटों पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। रेलवे स्टेशनों पर किराया सूची भी नई दरों के अनुसार अपडेट की जाएगी।

रेलवे का कहना है कि यह कदम सुरक्षित, भरोसेमंद और किफायती यात्रा बनाए रखने के साथ-साथ दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts