- 5 महीने में 7 लाख वोटर जोड़े गए, इलेक्शन कमीशन हमें लिस्ट दे
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) सांसद सुप्रिया सुले और शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) सांसद संजय राउत के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के डिप्टी स्पीकर हॉल में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राहुल ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में धांधली का आरोप लगाया। उन्होंने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणामों में हेराफेरी की गई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के तुरंत बाद ही चुनाव आयोग की ओर से भी प्रतिक्रिया जारी कर दी गई। उन्होंने ट्वीट कर बताया, चुनाव आयोग राजनीतिक दलों को प्राथमिकता वाले हितधारकों के रूप में मानता है। बेशक मतदाता सबसे अहम होता है और राजनीतिक दलों से आने वाले विचारों, सुझावों और सवालों को भी बहुत महत्व दिया जाता है। आयोग पूरे देश में समान रूप से अपनाए गए पूर्ण तथ्यात्मक और प्रक्रियात्मक मैट्रिक्स के साथ लिखित रूप में जवाब देगा।राहुल गांधी ने कहा कि हम इस टेबल पर महाराष्ट्र में पिछला चुनाव लड़ने वाले पूरे विपक्ष का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हम चुनाव के बारे में कुछ जानकारी लाने जा रहे हैं। हमने विवरण का अध्ययन किया है मतदाताओं और मतदान सूची का।
देवेन्द्र फडणवीस का पलटवार
महाराष्ट्र चुनाव ने नतीजों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज बड़ा आरोप लगाया है। अब इसी को लेकर महाराष्ट्र के सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने सभी सवालों का बेबाकी से जवाब दिया है। उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा कि राहुल गांधी कवर फायर कर रहे हैं क्योंकि उन्हें पता है कि 8 फरवरी के दिल्ली चुनाव नतीजों के बाद उनकी पार्टी दिल्ली में कहीं नहीं रहेगी और इसलिए उस दिन वह क्या बोलेंगे, कैसे नया नैरेटिव गढ़ेंगे, वह उसी के लिए अभ्यास कर रहे हैं। देवेन्द्र फडणवीस ने आगे कहा कि यदि राहुल गांधी आत्मनिरीक्षण नहीं करेंगे और झूठ से खुद को सांत्वना देते रहेंगे तो उनकी पार्टी का पुनरुद्धार संभव नहीं है।