क्रांइम

USSD स्कैम अलर्ट: इन नंबरों को डायल किया तो मिनटों में खाली हो सकता है बैंक अकाउंट

सरकार ने मोबाइल यूजर्स को एक नए और खतरनाक ऑनलाइन फ्रॉड को लेकर सतर्क किया है। गृह मंत्रालय के अंतर्गत काम करने वाली साइबर सुरक्षा एजेंसी I4C ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि स्कैमर्स अब कॉल फॉरवर्डिंग के जरिए लोगों का बैंक अकाउंट खाली कर रहे हैं।

इस नए फ्रॉड को USSD स्कैम कहा जा रहा है। इसमें ठग खुद को डिलीवरी एजेंट, कुरियर सर्विस या किसी अन्य सर्विस प्रोवाइडर का कर्मचारी बताकर कॉल करते हैं। वे नेटवर्क या डिलीवरी की समस्या का बहाना बनाकर कुछ खास नंबर डायल करने को कहते हैं। जैसे ही व्यक्ति उन नंबरों को डायल करता है, उसके मोबाइल पर आने वाली सभी कॉल्स हैकर्स के नंबर पर फॉरवर्ड हो जाती हैं। इसके बाद OTP और बैंक कॉल्स तक ठगों के पास पहुंच जाते हैं और अकाउंट से पैसे निकाल लिए जाते हैं।

USSD स्कैम क्या है?
USSD (Unstructured Supplementary Service Data) एक ऐसी मोबाइल सर्विस है, जो बिना इंटरनेट के काम करती है। इसका इस्तेमाल बैलेंस चेक, कॉल फॉरवर्डिंग जैसी सुविधाओं के लिए होता है। लेकिन इसी फीचर का गलत इस्तेमाल कर साइबर अपराधी लोगों को निशाना बना रहे हैं।

इन नंबरों को भूलकर भी न करें डायल
सरकार ने कुछ USSD कोड को लेकर खास चेतावनी दी है:

*21*मोबाइल नंबर#

*67*मोबाइल नंबर#
*61*मोबाइल नंबर#
*62*मोबाइल नंबर#

इन कोड्स को डायल करने पर आपके मोबाइल की कॉल फॉरवर्डिंग चालू हो जाती है और कॉल सीधे ठगों तक पहुंचने लगती हैं।

गलती से डायल हो जाए तो क्या करें?
अगर किसी ने गलती से ऐसे नंबर डायल कर लिए हैं, तो तुरंत ##002#  डायल करें। इससे आपके फोन की सभी कॉल फॉरवर्डिंग सेटिंग बंद हो जाएगी।
इसके बाद इस फ्रॉड की शिकायत संचार साथी ऐप/वेबसाइट पर करें। फीचर फोन यूजर 1930 हेल्पलाइन पर कॉल कर साइबर फ्रॉड की रिपोर्ट कर सकते हैं।

सरकार ने लोगों से अपील की है कि अनजान कॉल्स पर भरोसा न करें और किसी के कहने पर कोई भी कोड या नंबर डायल करने से पहले सतर्क रहें। थोड़ी सी लापरवाही भारी नुकसान का कारण बन सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts