रायपुर। आज रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने राजधानी रायपुर में नगर पालिक निगम द्वारा नरैया तालाब के समीप निर्माणाधीन वर्किंग वुमेन हॉस्टल का स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
विधायक ने निर्देशित किया कि इसी गति से कार्य जारी रखते हुए तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ वर्किंग वुमेन हॉस्टल का निर्माण पूरा किया जाए और इसकी सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा विधायक ने नरैया तालाब क्षेत्र और मठपुरैना में रिक्त शासकीय भूमि का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को इन जमीनों को सुरक्षित कर जनहित में योजनाएं तैयार कर जल्द प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, मुख्य अभियंता संजय बागडे सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




