टीवी के सबसे लोकप्रिय रियलिटी शोज़ में शुमार कौन बनेगा करोड़पति 17 अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। सीजन के आखिरी एपिसोड में शो के होस्ट अमिताभ बच्चन ने दर्शकों से दिल से जुड़ी बातें साझा कीं और भावुक अंदाज़ में शो को अलविदा कहा। इस दौरान बिग बी की आंखें नम दिखीं और स्टूडियो में मौजूद हर शख्स उस पल का गवाह बना।
विदाई एपिसोड में कॉमेडियन कीकू शारदा भी नज़र आए, जिन्होंने अपनी कॉमेडी से माहौल को हल्का और खुशनुमा बना दिया। भावनाओं के बीच हंसी का तड़का भी लगा।
बिग बी ने कहा कि कुछ पल ऐसे होते हैं जिनमें इंसान इतना खो जाता है कि अंत आते ही लगता है जैसे सब कुछ कल ही शुरू हुआ था। उन्होंने भावुक होकर कहा, “अपनी जिंदगी का लगभग एक-तिहाई हिस्सा मैंने इस शो को दिया है। जब भी मैंने कहा कि मैं आ रहा हूं, इस शो और आप लोगों ने मुझे खुले दिल से अपनाया।”
उन्होंने आगे कहा कि दर्शकों की हंसी, आंसू और भावनाएं हमेशा उनकी यात्रा का हिस्सा रही हैं। “आप हैं, तभी ये गेम है और ये गेम है, क्योंकि हम हैं,” कहकर उन्होंने सभी का धन्यवाद किया।
इमोशनल स्पीच के साथ-साथ बिग बी ने एक खास म्यूजिकल परफॉर्मेंस भी दी। करीब 30 मिनट तक लगातार गाना गाकर उन्होंने मंच पर समां बांध दिया। उन्होंने ‘रंग बरसे’, ‘होली खेले रघुवीरा’, ‘चलत मुसाफिर’ और ‘मेरे अंगने में’ जैसे लोकप्रिय गीत गाए। मेकर्स के मुताबिक, 30 मिनट तक लगातार गाना गाकर अमिताभ बच्चन ने शो में एक खास रिकॉर्ड भी बना दिया।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन जल्द ही फिल्म सेक्शन 84 में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ अभिषेक बनर्जी और निमृत कौर भी होंगे। इसके अलावा वे कल्कि 2898 एडी सीक्वल में भी दिखाई देंगे, जहां वे प्रभास के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे।




