शिवपुरी जिले के करैरा क्षेत्र के बड़ोरा गांव में इंसान और जानवर के अटूट रिश्ते की एक मार्मिक तस्वीर सामने आई है। यहां एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद उसका पालतू कुत्ता मोती पूरी रात मालिक के शव के पास बैठा रहा और एक पल के लिए भी उसे छोड़कर नहीं गया।
जानकारी के अनुसार, बड़ोरा निवासी जगदीश प्रजापति ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद उनका पालतू कुत्ता मोती शव के पास ही बैठा रहा। मंगलवार सुबह जब ग्रामीण शव को पोस्टमार्टम के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से करैरा ले जा रहे थे, तब भी मोती ने मालिक का साथ नहीं छोड़ा और पूरे रास्ते शव से सटकर बैठा रहा।
इस दृश्य को देखकर गांव वालों की आंखें नम हो गईं। लोगों का कहना था कि उन्होंने वफादारी की ऐसी मिसाल पहले सिर्फ कहानियों या फिल्मों में देखी थी। मोती का अपने मालिक के प्रति यह प्रेम और समर्पण हर किसी को भावुक कर गया।
फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। एक ओर जहां गांव में इस दुखद घटना को लेकर शोक का माहौल है, वहीं दूसरी ओर मोती की वफादारी की हर कोई सराहना कर रहा है।




