नई दिल्ली में 500 रुपये के नोटों को लेकर फैल रही अफवाहों पर सरकार ने साफ रुख अपनाया है। सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा था कि मार्च 2026 तक 500 रुपये के नोट बंद कर दिए जाएंगे, लेकिन सरकार ने इसे पूरी तरह झूठा बताया है।
प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने फैक्ट-चेक जारी कर स्पष्ट किया है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 500 रुपये के नोटों को बंद करने को लेकर कोई घोषणा नहीं की है। ये नोट पहले की तरह पूरी तरह वैध हैं और सभी तरह के लेनदेन में इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
PIB ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावे भ्रामक हैं और लोगों को ऐसी खबरों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। एजेंसी ने अपील की कि किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांचें।
पहले भी फैल चुकी है ऐसी अफवाह
यह पहली बार नहीं है जब 500 रुपये के नोटों को लेकर अफवाह फैली हो। इससे पहले भी कई बार सोशल मीडिया और यूट्यूब पर ऐसे दावे सामने आए, जिन्हें सरकार ने गलत बताया। जून महीने में भी PIB की फैक्ट-चेक यूनिट ने एक वायरल वीडियो का खंडन किया था, जिसमें नोट बंद होने की बात कही गई थी।
इसके अलावा, वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने अगस्त में संसद में स्पष्ट किया था कि 500 रुपये के नोटों की सप्लाई बंद करने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने यह भी कहा था कि एटीएम से 100, 200 और 500 रुपये के नोट आगे भी निकलते रहेंगे।
बेझिझक करें 500 रुपये के नोटों का इस्तेमाल
सरकार और RBI की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा न होने के कारण 500 रुपये के नोट पूरी तरह वैध हैं। लोग इन्हें बिना किसी चिंता के इस्तेमाल कर सकते हैं। अधिकारियों ने साफ किया है कि मुद्रा से जुड़े किसी भी बड़े फैसले की जानकारी हमेशा आधिकारिक माध्यमों से दी जाती है।
ऐसे में सोशल मीडिया पर फैलने वाली अपुष्ट खबरों पर भरोसा करने के बजाय सरकारी स्रोतों से मिली जानकारी पर ही विश्वास करना समझदारी है।




