छत्तीसगढ़ सरकार ने धान बेचने वाले किसानों के लिए बड़ी राहत का फैसला लिया है। अब तूहर टोकन ऐप को 24 घंटे, सातों दिन चालू कर दिया गया है। इसका मतलब यह है कि किसानों को टोकन काटने के लिए किसी तय समय का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, वे दिन या रात कभी भी अपनी सुविधा से टोकन बुक कर सकेंगे।
सरकार के फैसले के अनुसार किसान अब 13 जनवरी तक अगले 20 दिनों के लिए टोकन ले सकते हैं। इससे धान विक्रय की बेहतर योजना बनाना आसान होगा और समितियों में भीड़ व तकनीकी दबाव कम होगा। वहीं 2 एकड़ या उससे कम रकबा वाले किसानों को अतिरिक्त राहत देते हुए 31 जनवरी तक टोकन लेने की सुविधा दी गई है।
धान खरीदी में बढ़ेगी पारदर्शिता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर यह व्यवस्था लागू की गई है, खासतौर पर छोटे और लघु किसानों को ध्यान में रखते हुए। सरकार ने स्पष्ट किया है कि टोकन सहकारी समितियों को निर्धारित सीमा के भीतर ही जारी होंगे, इसलिए किसानों से समय रहते ऐप के माध्यम से टोकन लेने की अपील की गई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तूहर टोकन ऐप को 24×7 उपलब्ध कराने और समय की बाध्यता हटाने का निर्णय इसी सोच का हिस्सा है। इससे किसान बिना किसी दबाव के, अपनी जरूरत के अनुसार टोकन बुक कर सकेंगे और धान विक्रय प्रक्रिया में उन्हें वास्तविक राहत मिलेगी।




