छत्तीसगढ़

नौकरी का लालच देकर लाखों की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र पकड़ाया तो खुली पोल

रायपुर। राजधानी में एक बार फिर नौकरी के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। ग्रीन पैराडाइज वैली, विशाल नगर निवासी अनिल कुमार श्रीवास ने अभनपुर थाना में दिल्ली निवासी विजय कुमार चौरसिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि चौरसिया ने खुद को एमएसएमईपीसीएल (भारतीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम प्रोत्साहन परिषद) का चेयरमैन बताकर लाखों रुपए की ठगी की।

अनिल श्रीवास के मुताबिक, वर्ष 2023 में उनकी मुलाकात रायपुर के जोरा इलाके में विजय चौरसिया से हुई थी। चौरसिया ने बताया कि वह छत्तीसगढ़ में एमएसएमईपीसीएल की टीम बना रहे हैं और उन्हें राज्य का वाइस चेयरमैन बनाने की पेशकश की। साथ ही रौशन श्रीवास को चेयरमैन बनाने का प्रलोभन दिया। दोनों से पद दिलाने के बदले चौरसिया ने करीब 35 लाख रुपए मांगे — जिसमें 4 लाख नकद और 31 लाख ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से लिए गए।

पैसे लेने के बाद आरोपी ने दोनों को नियुक्ति पत्र और पहचान पत्र जारी किए। लेकिन जब वे रायपुर स्थित संस्था के कार्यालय पहुंचे, तो अधिकारियों ने बताया कि वह नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी है और संस्था का उस व्यक्ति से कोई संबंध नहीं है।

अनिल श्रीवास का कहना है कि चौरसिया ने वेतन और भत्ते का झूठा आश्वासन दिया था और कई कार्यक्रमों में उनसे खर्च भी करवाया। जब पैसे वापस मांगे गए, तो उसने गाली-गलौज और धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts