छत्तीसगढ़

पूर्व विधायक का बड़ा आरोप – कांग्रेस जिलाध्यक्ष पद के लिए 5 से 7 लाख की डिमांड से मचा हड़कंप

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस राजनीति में एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। पार्टी के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने कांग्रेस जिलाध्यक्षों की नियुक्ति प्रक्रिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि पद दिलाने के नाम पर 5 से 7 लाख रुपए की मांग की जा रही है। इस संबंध में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बृहस्पति सिंह ने बताया कि सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों से उम्मीदवारों को एक अज्ञात नंबर से फोन कॉल आ रहे हैं। कॉल करने वाले व्यक्ति खुद को कांग्रेस की छत्तीसगढ़ सह प्रभारी जरिता मैडम का सेक्रेटरी बताता है और जिला अध्यक्ष बनाए जाने के बदले पैसों की मांग करता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों का कहना है कि कॉल पर एक महिला की आवाज भी सुनी गई, जिसे कुछ लोग पहचानते हैं और कुछ नहीं।

जरिता के खिलाफ कार्रवाई की मांग
पूर्व विधायक ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत जिलाध्यक्षों की नियुक्ति का निर्देश दिया है, लेकिन यदि ऐसे भ्रष्टाचार के आरोप सच हैं, तो यह पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाएंगे। उन्होंने पार्टी की सह प्रभारी जरिता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शैलजा कुमारी पर भी लगाए पुराने आरोप
वायरल वीडियो में बृहस्पति सिंह ने यह भी कहा कि पिछली विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन प्रभारी शैलजा कुमारी पर भी टिकट वितरण में पैसों के लेनदेन के आरोप लगे थे। उनके अनुसार, इसी कारण कांग्रेस को सत्ता से बाहर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि पार्टी को अब इस तरह की गतिविधियों से दूरी बनानी चाहिए और संगठन में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts