छत्तीसगढ़

धान खरीदी में पारदर्शिता की नई पहल – किसानों के लिए लॉन्च हुआ ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप

छत्तीसगढ़ में अब किसान खुद अपने धान खरीदी का टोकन मोबाइल से प्राप्त कर सकेंगे। राज्य शासन के निर्देश पर सुकमा जिले में 15 नवंबर से ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन जारी करने की नई व्यवस्था लागू की जा रही है। यह पहल किसानों की सुविधा बढ़ाने और खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

नई व्यवस्था के तहत किसान प्रतिदिन सुबह 8 बजे से ऐप के जरिए स्वयं टोकन प्राप्त कर सकेंगे, जबकि सोसायटी संचालक सुबह 9:30 बजे से टोकन जारी करेंगे। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आगामी सात खरीदी दिनों तक अग्रिम टोकन भी जारी किए जा सकेंगे।

कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने बताया कि टोकन में दर्ज धान की मात्रा डीसीएस, गिरदावरी और पीवी रकबे के अनुसार सीमित रहेगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो। छोटे और सीमांत किसानों को अधिकतम दो टोकन और बड़े किसानों को तीन टोकन की अनुमति दी गई है। इससे खरीदी केंद्रों पर भीड़ कम होगी और सभी किसानों को समान अवसर मिलेगा।

कलेक्टर ध्रुव ने कहा कि “‘तुंहर टोकन’ ऐप किसानों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाएगा और यह व्यवस्था पारदर्शी, विश्वसनीय एवं किसान हितैषी है।” उन्होंने बताया कि यह पहल शासन की ‘पारदर्शी प्रशासन’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक ठोस प्रयास है।

धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए आधार आधारित ओटीपी प्रमाणीकरण को अनिवार्य किया गया है। इससे किसानों की सटीक पहचान सुनिश्चित होगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता या फर्जीवाड़े पर रोक लग सकेगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts