सोने और चांदी की कीमतों में आज जबरदस्त उछाल देखने को मिला, जिससे दोनों कीमती धातुएं नए ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गईं। MCX पर सोने और चांदी के वायदा भाव में तेज खरीदारी दर्ज की गई।
एमसीएक्स पर फरवरी डिलीवरी वाला सोना करीब 1,200 रुपये की तेजी के साथ 10 ग्राम के लिए 1,39,290 रुपये तक पहुंच गया, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। इससे पहले यह 1,38,097 रुपये पर बंद हुआ था और आज कारोबार की शुरुआत 1,38,574 रुपये से हुई। दोपहर 12 बजे के आसपास सोना करीब 0.85 फीसदी की बढ़त के साथ 1,39,277 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। इस साल अब तक सोने की कीमतों में लगभग 72 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया है।
वहीं, मार्च डिलीवरी वाली चांदी ने भी जोरदार तेजी दिखाई। शुरुआती कारोबार में चांदी 10,000 रुपये से ज्यादा चढ़कर 2,33,183 रुपये प्रति किलो के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। पिछले सत्र में यह 2,23,790 रुपये पर बंद हुई थी। दोपहर तक चांदी करीब 9,000 रुपये से ज्यादा की तेजी के साथ कारोबार करती नजर आई। 2025 में अब तक चांदी के भाव में करीब 138 फीसदी की जबरदस्त बढ़त हो चुकी है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों का हाल
वैश्विक बाजारों में भी कीमती धातुओं की चमक बरकरार रही। अंतरराष्ट्रीय स्पॉट मार्केट में सोना 4,530 डॉलर प्रति औंस के आसपास पहुंचा, जबकि अमेरिकी वायदा बाजार में भी यह 4,533 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर तक गया। चांदी में भी करीब 3.4 फीसदी की तेजी दर्ज की गई और यह 74 डॉलर प्रति औंस से ऊपर पहुंच गई, कारोबार के दौरान 75 डॉलर के ऐतिहासिक स्तर को भी छू लिया।




