नितेश/मार्क/रिपोर्ट
दंतेवाड़ा,छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर जिले में आज से 11 सूत्रीय मांगों को लेकर 29 दिसंबर से 31 दिसंबर तक हड़ताल की शुरुआत हो गई। हड़ताल के पहले ही दिन दंतेवाड़ा जिले के सभी विभागों के कर्मचारी और अधिकारी पूरी तरह से कार्य बहिष्कार पर रहे, जिससे शासकीय कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ।
हड़ताल के प्रथम दिवस अधिकारी फेडरेशन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कर्मचारी दुर्गा मंच में एकत्रित हुए। कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी एकजुटता और सरकार के प्रति नाराजगी को खुलकर जाहिर किया। दुर्गा मंच पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में जिले भर से पहुंचे कर्मचारियों की भारी मौजूदगी देखने को मिली।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की 11 सूत्रीय मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन शासन-प्रशासन द्वारा बार-बार अनदेखी की जा रही है। मजबूर होकर कर्मचारियों को हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा है। जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
हड़ताल के चलते कार्यालयों में सन्नाटा पसरा रहा और आम जनता को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अब सबकी निगाहें शासन के अगले कदम पर टिकी हैं कि कर्मचारियों की मांगों पर कब और क्या निर्णय लिया जाता है।





