जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र के ग्राम बोडराबांध गड़ाकटा में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक घटना हुई। खेत में धान की फसल देखने गए 63 वर्षीय किसान जुनास बड़ा की जंगली हाथी के हमले में मौत हो गई। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में उनका क्षत-विक्षत शव देखा, जिसके आसपास हाथियों के पैरों के निशान स्पष्ट दिखाई दिए।
जानकारी के मुताबिक, जुनास बड़ा रोज की तरह शाम को अपनी फैब्रिकेशन दुकान बंद कर घर लौटे थे। परिवार ने उन्हें खेत जाने से रोका, क्योंकि इलाके में हाथियों के झुंड की मौजूदगी की खबर थी, लेकिन उन्होंने यह कहकर निकल गए कि वे गांववालों से पूछकर जाएंगे। रातभर जब वे घर नहीं लौटे, तो परिवार और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की, पर हाथियों के डर से रात में खोज रोकनी पड़ी। अगली सुबह जब दोबारा खोज की गई, तो खेत में उनका शव मिला।
घटना की सूचना मिलने पर कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग क्रमांक 80/2025 दर्ज कर धारा 194 बीएनएस के तहत जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मामले की जानकारी एसडीएम कुनकुरी को दी गई।
गांव में इस घटना के बाद शोक और भय का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ हफ्तों से क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, लेकिन वन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और हाथियों के आतंक पर नियंत्रण के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।




