
नितेश मार्क/भास्कर दूत
दन्तेवाड़ा | 20 जनवरी 2026
अमर शहीदों की स्मृति को नमन करते हुए दन्तेवाड़ा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आयोजित शौर्य स्मृति क्रिकेट लीग का छठवां दिन खेल प्रेमियों के लिए यादगार बन गया।
पूरे दिन रोमांचक मुकाबलों, शानदार प्रदर्शन और दर्शकों के उत्साह ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि माननीय विधायक दन्तेवाड़ा चैतराम अट्टामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन की गरिमामय उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर नगर उप पुलिस अधीक्षक नसरूल्ला सिद्दकी, रक्षित निरीक्षक सुशील नौटियाल, सिटी कोतवाली निरीक्षक धनंजय सिन्हा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, क्रिकेट प्रेमी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
पहले मुकाबले में कटेकल्याण (मेटापाल) की शानदार जीत
छठवें दिन का पहला मुकाबला कटेकल्याण (मेटापाल) एवं अरनपुर (ककाड़ी) के मध्य खेला गया। अरनपुर (ककाड़ी) की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 72 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में कटेकल्याण (मेटापाल) की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए मात्र 9.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में बालसिंह पोडियाम ने 17 रन और 1 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता।
पत्रकार इलेवन बनाम जनप्रतिनिधि: जनप्रतिनिधियों का दबदबा |
दूसरा मुकाबला पत्रकार इलेवन एवं जनप्रतिनिधि टीम के बीच खेला गया। जनप्रतिनिधि टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 95 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए पत्रकार इलेवन की टीम पूरे 10 ओवर में 70 रन ही बना सकी। जनप्रतिनिधि टीम ने यह मुकाबला 24 रनों से जीत लिया। शानदार बल्लेबाजी के लिए सुमीत भदौरिया (41 रन) को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
अंतिम मुकाबले में कटेकल्याण (मेटापाल) का क्वार्टर फाइनल में प्रवेश
दिन का अंतिम मुकाबला जनप्रतिनिधि एवं कटेकल्याण (मेटापाल) के मध्य खेला गया।
टॉस जीतकर कटेकल्याण (मेटापाल) ने गेंदबाजी का निर्णय लिया। जनप्रतिनिधि टीम ने बल्लेबाजी करते हुए 55 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए कटेकल्याण (मेटापाल) की टीम ने मात्र 5.4 ओवर में 55 रन बनाकर 5 विकेट से शानदार जीत दर्ज की और क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इस मुकाबले में भी बालसिंह पोडियाम ने 4 रन और 2 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल किया।
शौर्य स्मृति क्रिकेट लीग का यह छठवां दिन खेल भावना, टीम वर्क और शहीदों के प्रति सम्मान का सशक्त प्रतीक बनकर सामने आया, जिसने दन्तेवाड़ा के खेल प्रेमियों में नया उत्साह भर दिया।





