रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मोवा थाना क्षेत्र में एक लापरवाही ने 4 वर्षीय बच्ची की जान ले ली। मकान मालिक द्वारा सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए खुदवाया गया गड्ढा सफाई के बाद भी खुला छोड़ दिया गया, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना के समय बच्ची घर के पास खेल रही थी और इसी दौरान वह खुले गड्ढे में गिर गई। जब काफी देर तक बच्ची नजर नहीं आई तो परिजनों ने बच्ची की तलाश शुरू की, जिस पर बच्ची की गड्ढे में गिरने की जानकारी मिली। बच्ची को तुरंत बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया। लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोग कहते हैं कि यदि गड्ढे को समय रहते ढंक दिया जाता या सुरक्षा के इंतजाम किए जाते, तो यह हादसा टाला जा सकता था। वहीं घटना की सूचना मिलने पर मोवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस मकान मालिक की भूमिका की पड़ताल कर रही है और लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई करने की बात कही जा रही है।




