छत्तीसगढ़

रायपुर में खुले में कचरा फेंकने पर होगी सख्ती, बाजारों में रात में चलेगा सफाई अभियान – महापौर ने दिए सख्त निर्देश

रायपुर नगर निगम ने शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब खुले में कचरा फेंकने या फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी लगाया जाएगा। साथ ही, शहर के व्यावसायिक क्षेत्रों और बाजारों में रात के समय सफाई अभियान चलाया जाएगा ताकि दिन के समय यातायात और व्यापार पर असर न पड़े।

गुरुवार को महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी जोन अध्यक्षों, पार्षदों और अधिकारियों के साथ सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने डोर टू डोर कचरा कलेक्शन को पूरी तरह प्रभावी बनाने और सभी सफाई कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महापौर ने विशेष रूप से जोन-1 और जोन-3 के वार्डों में सफाई व्यवस्था में सुधार के आदेश दिए और कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में निगम स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर, जोन अध्यक्ष गज्जू साहू, साधना प्रमोद साहू, एमआईसी सदस्य नन्दकिशोर साहू, संतोष सीमा साहू सहित कई पार्षद मौजूद रहे।

महापौर ने रामकी कंपनी को निर्देश दिए कि डोर टू डोर कचरा कलेक्शन में सुधार लाया जाए और नागरिकों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही उन्होंने अवैध निर्माणों पर भी कार्रवाई के निर्देश जारी किए।

इस मौके पर जोन 8 के वार्ड 70 में विधायक राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे ने लगभग 18 लाख रुपए की लागत से बने अतिरिक्त कक्ष, प्रार्थना शेड और शौचालय का लोकार्पण किया। वहीं, गार्डन विकास और बच्चों के झूले-फिसलपट्टी लगाने के लिए 5 लाख रुपए की घोषणा विधायक निधि से की गई।

महापौर ने बच्चों को “स्वच्छता के भागीदार” बनने की अपील की, ताकि स्वच्छता की आदत समाज में गहराई तक जा सके। कार्यक्रम में जोन 8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल, कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, शिक्षक और स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts