छत्तीसगढ़

राज्योत्सव में प्रधानमंत्री मोदी का 6 घंटे का प्रवास: 12 घंटे तैनात रहेंगे 5 हजार अफसर-जवान, 6100 वाहनों से पहुंचेगी भीड़.

रायपुर। राज्योत्सव के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। उनका प्रवास करीब साढ़े 6 घंटे का होगा, जबकि उनकी सुरक्षा के लिए करीब 12 घंटे तक 5 हजार पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन से लगभग 6 घंटे पहले ही सुरक्षा बलों को ड्यूटी पर तैनात किया जाएगा।

गुरुवार को एसपीजी टीम ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ पीएम के काफिले का रूट फाइनल किया। इस दौरान एयरपोर्ट से लेकर राज्योत्सव स्थल, सत्यसाईं अस्पताल और ब्रह्मकुमारी ध्यान केंद्र तक सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पूरे सुरक्षा संचालन की कमान एसपीजी आईजी नवनीत मेहता के हाथों में है।

प्रमुख अधिकारियों की तैनाती

राजधानी के प्रमुख स्थलों पर एडीजी, आईजी, डीआईजी, एसपी, एएसपी, डीएसपी और टीआई स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।

एयरपोर्ट: सुजीत कुमार (डीआईजी), प्रफुल्ल ठाकुर (एसपी सक्ती)
नया विधानसभा भवन: अजय यादव (आईजी), लक्ष्य शर्मा (एसपी), भावना गुप्ता (एसपी), निवेदिता पाल (सेनानी)
ब्रह्मकुमारी ध्यान केंद्र: रामगोपाल गर्ग (आईजी), पारुल माथुर (डीआईजी), पुष्कर शर्मा (वीआईपी सुरक्षा), वैशाली जैन (डीएसपी)
ट्राइबल म्यूजियम: अंकित गर्ग (आईजी), सूरज सिंह परिहार (एसपी), मयंक गुर्जर (सेनानी), पीतांबर पटेल (एएसपी)
सत्यसाईं अस्पताल: अमित तुकाराम कांबले (डीआईजी), योगेश कुमार पटेल (एसपी), विमल कुमार पाठक (डीएसपी)
मेला स्थल: संजीव शुक्ला (आईजी), अभिषेक मीणा (डीआईजी) सहित अन्य अधिकारी

6100 वाहनों से पहुंचेगी भीड़

राज्योत्सव में शामिल होने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से 1600 बसों और 4500 छोटी गाड़ियों के माध्यम से लोग राजधानी पहुंचेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस विभाग द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कार्यक्रम स्थल पर भीड़ के अनुमान के आधार पर सुरक्षा और पार्किंग की तैयारी अंतिम चरण में है।

सिटी बसों के परमिट में देरी

आम नागरिकों की सुविधा के लिए नगर निगम ने नवा रायपुर मार्ग पर 15 सिटी बसें चलाने की योजना बनाई है। बसें हर 15 से 30 मिनट के अंतराल पर संचालित की जाएंगी, लेकिन अब तक आरटीओ से परमिट स्वीकृत नहीं हुआ है। निगम ने उम्मीद जताई है कि राज्योत्सव शुरू होने से पहले अनुमति मिल जाएगी।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts