ऊर्जा संरक्षण क्षेत्र में सिम द्वारा छत्तीसगढ़ को मिला स्टार एस.डी.ए. अवार्ड
क्रेडा सीईओ राजेश सिंह राणा बेस्ट सीईओ अवार्ड से सम्मानित
रायपुर – ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली राज्य नामित एजेंसी के रूप में वर्ष 2024 हेतु छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) को सोसाइटी ऑफ एनर्जी इंजीनियर एण्ड मैनेजर्स (सिम) द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर स्टार एस.डी.ए. अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह अवार्ड नई दिल्ली में आयोजित सिम के 10वीं नेशनल एनर्जी मैनेजमेंट अवार्ड समारोह में मुख्य अतिथि श्री अशोक कुमार, उप महानिदेशक, ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बी.ई.ई), भारत सरकार द्वारा क्रेडा के अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी को प्रदान किया गया।
सिम द्वारा स्टार एस.डी.ए. अवार्ड हेतु गुजरात, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, केरल एवं छत्तीसगढ़ राज्यों के राज्य नामित एजेंसियों (एस.डी.ए.) से नामांकन चाहा गया था। जिसमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु केवल छत्तीसगढ़ के राज्य नामित एजेंसी छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) को ही स्टार एस.डी.ए. अवार्ड से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कुशल नेतृत्व, क्रेडा के अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी के मार्गदर्शन एवं क्रेडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राजेश सिंह राणा के अथक परिश्रम से क्रेडा ने ऊर्जा संरक्षण एवं ऊर्जा दक्षता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
क्रेडा छत्तीसगढ़ द्वारा ऊर्जा दक्षता ब्यूरो, भारत सरकार की पीएटी परियोजना अंतर्गत प्रथम एवं द्वितीय चरण में कुल 44 औद्योगिकी संस्थाओं द्वारा प्रदेश में लगभग 2.2 मिलियन टन ऑफ ऑयल इक्विवेलेंट ऊर्जा की बचत कर लगभग 6.67 मिलियन टन का कार्बन उत्सर्जन कम किया गया है। क्रेडा द्वारा राज्य के सौर सुजला योजना के तहत कृषि क्षेत्र में 160000 से भी अधिक सौर कृषि पंप लगाने के साथ-साथ किसानों को ऊर्जा संरक्षण के विषय में जागरूक करने बहु आयामी जागरूकता कार्यशाला आयोजित किया। प्रदेश के शासकीय कार्यालयों, अस्पतालों एवं नगरीय निकायों में ऊर्जा दक्ष उपकरणों,पम्पो के उपयोग को बढ़ावा देने क्रेडा द्वारा पंप तकनीशियनों, अधिकारीगणो को इस मुहिम में शामिल किया गया है।
राज्य में ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में क्रेडा के सीईओ श्री राजेश सिंह राणा द्वारा कुशल कार्ययोजना बनाकर दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर जिला अंतर्गत पहुंच विहीन नक्सल प्रभावित ग्रामीण इलाकों में भी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन किया है। साथ ही क्रेडा द्वारा स्थापित सौर समाधान मोबाईल ऐप के माध्यम से उपयोगकर्ता, स्थापनाकर्ता, इकाई के प्रतिनिधि, क्रेडा के अधिकारी व सभी जन-सामान्य गण इस ऐप के माध्यम से समस्याओं के निराकरण व प्रकरणों के लंबित होने की स्थिति का जीवंत जायजा ले सकते हैं। इससे संयंत्रों की क्रियाशीलता में व्यापक सुधार आया है। 1वर्ष में शिकायतों पर कार्यवाही करते हुए लगभग 1200 से अधिक संयंत्रों में सुधार कार्य पूर्ण किये जा चुके हैं।क्रेडा के उपरोक्त कार्यों को चिन्हांकित करते हुए इस समारोह में सिम द्वारा क्रेडा सीईओ श्री राजेश सिंह राणा को राष्ट्रीय स्तर पर बेस्ट सीईओ के रूप में अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह अवार्ड मुख्य अतिथि श्री अशोक कुमार, उप महानिदेशक, ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बी.ई.ई), भारत सरकार द्वारा श्री राणा को प्रदान किया गया।





