बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेल हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई यात्री घायल हैं, जिनका इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है। बुधवार को उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रेलवे अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों से उपचार की स्थिति पर चर्चा की और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत में उप मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही राज्य प्रशासन और रेलवे विभाग की टीमें तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गई थीं। उन्होंने कहा, “रेस्क्यू टीम ने समय रहते कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सरकार सभी घायलों तक सहायता पहुंचा रही है और किसी को भी इलाज में कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।”
जानकारी के अनुसार, घायलों में से दो मरीज इलाइट अस्पताल, पांच रेलवे अस्पताल, और कुछ अपोलो व सिम्स अस्पताल में भर्ती हैं। प्रशासन ने सभी डॉक्टरों को निर्देश दिए हैं कि इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न हो।
मृतकों और घायलों के लिए मुआवजा घोषित
उप मुख्यमंत्री साव ने बताया कि केंद्र सरकार, राज्य सरकार और रेलवे प्रशासन ने मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा, “यह बेहद दुखद घटना है। सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।”
साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा की जाएगी ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




