प्रयागराज में एक बड़ा हादसा टल गया, जब भारतीय वायुसेना का प्रशिक्षण माइक्रोलाइट विमान उड़ान के दौरान नियंत्रण खो बैठा और केपी कॉलेज के पीछे स्थित तालाब में जा गिरा। विमान गिरते ही तेज धमाके जैसी आवाज हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह 2-सीटर माइक्रोलाइट विमान नियमित ट्रेनिंग उड़ान पर था। उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही अचानक विमान का नियंत्रण बिगड़ गया और वह तेजी से नीचे आते हुए तालाब में समा गया। विमान में दो पायलट सवार थे, जिन्हें स्थानीय लोगों की सूझबूझ और साहस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। डीसीपी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि विमान संगम क्षेत्र से उड़ान भरकर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। राहत की बात यह रही कि दोनों पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी भी आम नागरिक को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब 12:15 बजे तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद लोगों ने तालाब में गिरे विमान को देखा। बिना देर किए कुछ लोग पानी में कूद पड़े और पायलटों को बाहर निकाल लिया। फिलहाल, वायुसेना द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




