मालदा। देश को अपनी पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात मिल गई है। पश्चिम बंगाल के मालदा में नरेंद्र मोदी ने इस अत्याधुनिक स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन हावड़ा से गुवाहाटी के बीच चलेगी, जिससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
यह वंदे भारत स्लीपर ट्रेन पूरी तरह वातानुकूलित है और इसमें एसी-1, एसी-2 और एसी-3 श्रेणी के कुल 16 कोच लगाए गए हैं। इनमें 11 एसी-3, 4 एसी-2 और 1 एसी-1 कोच शामिल हैं। ट्रेन में एक बार में कुल 823 यात्री सफर कर सकते हैं। रेलवे बोर्ड के अनुसार, इस ट्रेन में आरएसी की सुविधा नहीं होगी, यानी सभी यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिलेगी।
किराए की बात करें तो रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 400 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए एसी-1 का किराया 1,520 रुपये, एसी-2 का 1,240 रुपये और एसी-3 का 960 रुपये तय किया गया है। 400 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए किराया प्रति किलोमीटर के आधार पर लिया जाएगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि हावड़ा–गुवाहाटी रूट पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का किराया हवाई यात्रा की तुलना में काफी कम रखा गया है। जहां फ्लाइट का किराया 6 से 8 हजार रुपये तक पहुंच जाता है, वहीं वंदे भारत में भोजन सहित थर्ड एसी करीब 2,300 रुपये, सेकंड एसी लगभग 3,000 रुपये और फर्स्ट एसी करीब 3,600 रुपये में उपलब्ध होगी। इसे खासतौर पर मिडिल क्लास यात्रियों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।




