झारखंड की राजधानी रांची के डोरंडा इलाके में रहने वाले Central Reserve Police Force (CRPF) के इंस्पेक्टर बिप्लब विश्वास ने लोकप्रिय टीवी क्विज शो Kaun Banega Crorepati में एक करोड़ रुपये जीतकर नया इतिहास रच दिया है। वे ऐसा करने वाले देश के पहले CRPF अधिकारी बन गए हैं। उनकी यह यादगार एपिसोड 30–31 दिसंबर 2025 को सोनी टीवी पर प्रसारित होगी।
फिलहाल बिप्लब विश्वास छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान में तैनात हैं। कठिन ड्यूटी के बावजूद वे खाली समय में केबीसी के पुराने एपिसोड देखते और सवालों का अभ्यास करते थे। उनकी यह उपलब्धि करीब 15 वर्षों की मेहनत, अनुशासन और पिता की सीख का परिणाम है।
मूल रूप से पश्चिम बंगाल से ताल्लुक रखने वाले बिप्लब का परिवार रांची में रहता है। उन्होंने भावुक होकर बताया कि कोरोना काल में 2021 में उनकी पत्नी और पिता का निधन हो गया था। इस कठिन दौर के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और आगे बढ़ते रहे। उनकी जीत पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, CRPF के वरिष्ठ अधिकारी और रांची के कई जनप्रतिनिधियों ने बधाई दी है।
एक करोड़ रुपये की इनामी राशि के साथ-साथ बिप्लब विश्वास को एक लग्जरी कार, ई-बाइक, सोने का सिक्का और कई अन्य उपहार भी मिले हैं। शो में उन्होंने शुरुआती 10 सवाल बिना किसी लाइफलाइन के पार किए और “सुपर संधूक” राउंड में भी सभी सवालों के सही जवाब देकर सभी को प्रभावित किया।
उनके ज्ञान और आत्मविश्वास से शो के होस्ट Amitabh Bachchan भी बेहद प्रभावित हुए। खास बात यह रही कि अमिताभ बच्चन ने बिप्लब और उनके परिवार को अपने घर डिनर पर आमंत्रित किया और व्यक्तिगत तौर पर एक लाख रुपये की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा भी की।।




