रायपुर। नवा रायपुर स्थित कलिंगा यूनिवर्सिटी में चार मंजिला इमारत से गिरने के बाद नाइजीरियन मूल के एक छात्र की मौत से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सैम के रूप में हुई है, जो यूनिवर्सिटी में एमबीए सेकेंड ईयर का छात्र था। यह मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले छात्रों के बीच विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि एक विदेशी छात्रा के साथ कथित बदसलूकी को लेकर तनाव बढ़ा, तभी उसका बॉयफ्रेंड मौके पर पहुंच गया। इसी दौरान हालात बिगड़ गए और सैम के इमारत की छत से कूदने की आशंका जताई जा रही है, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने इस मामले में नोई नामक युवक और उसकी महिला मित्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
आशीष यादव, मंदिर हसौद थाना प्रभारी, ने बताया कि शुरुआती जांच में मौत का कारण ऊंचाई से गिरना सामने आया है। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।
फिलहाल पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना के समय वहां मौजूद अन्य लोगों की क्या भूमिका रही और विवाद किन परिस्थितियों में बढ़ा। यूनिवर्सिटी प्रशासन से भी जानकारी ली जा रही है। इस घटना के बाद कैंपस में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।




