दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी Elon Musk ने एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। Forbes की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को एलन मस्क की कुल संपत्ति 600 अरब डॉलर का आंकड़ा पार कर करीब 677 अरब डॉलर तक पहुंच गई। इससे पहले किसी भी व्यक्ति की नेटवर्थ इस स्तर तक नहीं पहुंची थी।
स्पेसएक्स बनी दौलत में उछाल की सबसे बड़ी वजह
मस्क की संपत्ति में आई इस बड़ी बढ़ोतरी के पीछे उनकी स्पेस कंपनी SpaceX का अहम योगदान है। हाल ही में स्पेसएक्स की वैल्यूएशन करीब 800 अरब डॉलर तक पहुंच गई है। कंपनी में मस्क की लगभग 42 फीसदी हिस्सेदारी है, जिससे केवल वैल्यूएशन बढ़ने के कारण ही उनकी नेटवर्थ में करीब 168 अरब डॉलर का इजाफा हुआ।
गौरतलब है कि अक्टूबर में ही मस्क 500 अरब डॉलर की संपत्ति पार करने वाले पहले इंसान बने थे और अब उन्होंने इससे भी बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है।
2026 में आ सकता है स्पेसएक्स का IPO
स्पेसएक्स की नई वैल्यूएशन एक टेंडर ऑफर के जरिए सामने आई है, जो अगस्त की तुलना में लगभग दोगुनी बताई जा रही है। कंपनी 2026 में IPO लाने की योजना पर काम कर रही है, जिसे इतिहास की सबसे बड़ी लिस्टिंग में से एक माना जा रहा है।
टेस्ला के शेयरों ने भी बढ़ाया खजाना
मस्क की दौलत बढ़ाने में उनकी इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी Tesla का भी बड़ा योगदान रहा है। 2025 में अब तक टेस्ला के शेयरों में करीब 13 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है। मस्क के पास कंपनी में लगभग 12 फीसदी हिस्सेदारी है।
हाल ही में टेस्ला के शेयरों में उस समय करीब 4 फीसदी की उछाल आई, जब मस्क ने बताया कि कंपनी की रोबोटैक्सी तकनीक का टेस्ट चल रहा है और अब इसमें आगे की सीट पर सेफ्टी मॉनिटर की जरूरत नहीं पड़ रही।
रिकॉर्डतोड़ पे पैकेज और xAI की चर्चा
नवंबर में टेस्ला के शेयरहोल्डर्स ने मस्क के लिए करीब 1 ट्रिलियन डॉलर के पे पैकेज को मंजूरी दी थी, जिसे कॉरपोरेट इतिहास का सबसे बड़ा वेतन पैकेज माना जा रहा है।
इसके अलावा मस्क की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी xAI भी चर्चा में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, xAI 15 अरब डॉलर की नई फंडिंग जुटाने पर बातचीत कर रही है, जिससे इसकी वैल्यूएशन करीब 230 अरब डॉलर तक पहुंच सकती है।
दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर की ओर कदम
हालांकि इस पूरे घटनाक्रम पर मस्क या उनकी कंपनियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन निवेशकों में जबरदस्त उत्साह है। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए एलन मस्क अब दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बनने की दिशा में तेजी से बढ़ते नजर आ रहे हैं।




