विदेश

अमेरिका की ISIS ठिकानों पर एयर स्ट्राइक, नाइजीरिया सरकार बोली– अंतरराष्ट्रीय सहयोग से आतंकवाद पर प्रहार

अमेरिका ने नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में सक्रिय ISIS के आतंकी ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए हैं। इस कार्रवाई के बाद नाइजीरिया सरकार ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा है कि आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद से निपटने के लिए वह अमेरिका समेत अपने अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ लगातार सुरक्षा और खुफिया सहयोग कर रही है।

सरकार के मुताबिक, इसी सहयोग के तहत नॉर्थ-वेस्ट नाइजीरिया में आतंकी ठिकानों को सटीक एयर स्ट्राइक के जरिए निशाना बनाया गया। बयान में स्पष्ट किया गया कि यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय नियमों और द्विपक्षीय समझौतों के दायरे में की गई है।

विदेश मंत्रालय का बयान

नाइजीरिया के विदेश मंत्रालय ने बताया कि अमेरिका के साथ सहयोग में खुफिया सूचनाओं का आदान-प्रदान, रणनीतिक समन्वय और जरूरी समर्थन शामिल है। मंत्रालय ने जोर दिया कि सभी गतिविधियां अंतरराष्ट्रीय कानून, संप्रभुता के सम्मान और क्षेत्रीय व वैश्विक सुरक्षा के साझा लक्ष्यों के अनुरूप हैं।

नागरिकों की सुरक्षा प्राथमिकता

नाइजीरिया सरकार ने दोहराया कि आतंकवाद-रोधी अभियानों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा, राष्ट्रीय एकता की रक्षा और सभी लोगों के अधिकार व गरिमा का संरक्षण है। किसी भी धर्म या समुदाय के खिलाफ आतंकवादी हिंसा को देश के मूल्यों और अंतरराष्ट्रीय शांति के खिलाफ बताया गया।

आतंकी नेटवर्क कमजोर करने की रणनीति

फेडरल सरकार ने कहा कि वह अपने साझेदार देशों के साथ मिलकर आतंकी नेटवर्क को कमजोर करने, उनके वित्तपोषण और लॉजिस्टिक सपोर्ट को बाधित करने तथा सीमा पार से आने वाले खतरों को रोकने के लिए लगातार कदम उठा रही है। साथ ही देश की सुरक्षा एजेंसियों और खुफिया क्षमताओं को भी मजबूत किया जा रहा है।

गौरतलब है कि नाइजीरिया लंबे समय से आतंकवादी हिंसा से जूझ रहा है। देश के उत्तर और उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में ISIS से जुड़े गुटों और बोको हराम जैसे संगठनों की गतिविधियां लगातार चुनौती बनी हुई हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts